इन रगों के लाल लहू सा अब, ना तू आवेश में बहता चल
इस शीत उष्ण सी धरा पे अब, ना तू स्वप्नों के बर्तन गढ़
क्या कहेगा इस दुस्साहस पर, वो जाने वाला पथिक ठिठक
तू हांड मांस का पुतला है, ना देवों सा अभिमान तू रख
जीवन के इस मंथन में तुझको हालाहल पीना होगा
तू वो नीलकंठ नहीं जो उन देवों का भी अर्ध्य बने
इस सृष्टि के समक्ष तेरा अस्तित्व है एक कण
क्या सृजन ही जीवन को है परिभाषा देता
तो उस महादेव की पूजा का है क्या मतलब
इस मिथ्या मोक्ष की मृगतृष्णा में
ना तू बंजारों सा लक्ष्यहीन भटका चल
हाँ मन और आत्म के इस सतत संघर्ष से
तुझको स्वयं ही वीरों सा घोर युद्ध करना होगा
सबके बाणों में धनञ्जय सी तीक्ष्णता नहीं
पर अभिमन्यु सा होने की अभिलाषा तू कर